राजधानी रायपुर में ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रायपुर-धमतरी रोड स्थित ग्राम डूमरतराई के साहू पारा में एक पति ने कथित तौर पर चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों की धारदार चाकू से हत्या कर दी।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना का मुख्य आरोपी भुनेश्वर साहू बताया जा रहा है, जो मूल रूप से बालोद जिले का रहने वाला है और डूमरतराई में किराए के मकान में रहता था। आरोप है कि उसने पहले पत्नी और दोनों बच्चों पर चाकू से हमला किया, इसके बाद खुद पर भी चाकू से वार कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों को लेकर पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
