रायगढ़ जिले के घरघोड़ा में पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी की स्कूटी पर सवार होकर दोबारा वाहन चोरी की रेकी कर रहे तीन आरोपियों को वाहन चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बुलेट, टीवीएस जुपिटर, हीरो स्प्लेंडर प्लस और एनएक्सजी समेत चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।
मामले का खुलासा 3 अक्टूबर को हुआ, जब घरघोड़ा पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चोरी की जुपिटर स्कूटी पर सवार तीन संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मिलन दास महंत, हरिशंकर महंत और कन्हैया दास महंत बताया। पुलिस के मुताबिक, तीनों चोरी के वाहनों को बेचकर पैसे कमाने की योजना के तहत वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने छाल, घरघोड़ा और आसपास के इलाकों से अलग-अलग समय में बाइक चोरी की थी। बरामद बुलेट को सशक्त मोबाइल ऐप से चेक करने पर उसके खिलाफ सुपेला, दुर्ग थाने में चोरी का अपराध दर्ज मिला। वहीं घरघोड़ा में सुनील शर्मा की चोरी हुई टीवीएस जुपिटर भी आरोपियों के कब्जे से बरामद कर ली गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में घरघोड़ा पुलिस ने की।
