भाटापारा में विजयादशमी की भव्य तैयारी, LED स्क्रीन और एक घंटे की आतिशबाजी बनेगी आकर्षण
“राम काज कीन्हें बिनु, मोहि कहाँ विश्राम।” भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करते हुए भाटापारा में विजयादशमी पर्व को श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद भाटापारा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने रावणभाटा मैदान पहुंचकर दशहरा उत्सव की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया और आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस वर्ष दशहरा उत्सव में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का भव्य दहन विशेष आकर्षण रहेगा। इसके साथ ही कुंभकर्ण एवं मेघनाथ के पुतलों का भी दहन किया जाएगा।
दहन से पूर्व मैदान में भव्य संगीतमय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। बड़ी संख्या में पहुंचने वाले दर्शकों को कार्यक्रमों का बेहतर दृश्य अनुभव उपलब्ध कराने के लिए एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था भी की जाएगी। वहीं लगभग एक घंटे तक होने वाली भव्य आतिशबाजी विजयादशमी उत्सव के आकर्षण को और बढ़ाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने आयोजन स्थल का निरीक्षण करते हुए मंच, दर्शक दीर्घा, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, प्रकाश व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन, पुतला दहन स्थल तथा आमजन की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने आतिशबाजी टीम, पुतला निर्माण टीम, रामलीला मंडली एवं नगर पालिका के संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आयोजन को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि, “दशहरा केवल उत्सव नहीं, बल्कि सत्य, धर्म और न्याय की विजय का संदेश देने वाला हमारा गौरवशाली पर्व है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, कर्तव्य, सेवा और जनकल्याण का मार्ग दिखाता है। भाटापारा में इस वर्ष दशहरा उत्सव को ऐसा स्वरूप देने का प्रयास है, जिसमें हमारी धार्मिक आस्था के साथ-साथ नगरवासियों का उत्साह और सहभागिता भी दिखाई दे।”
उन्होंने कहा कि “नगर पालिका की प्राथमिकता है कि शहरवासियों को बेहतर आयोजन के साथ सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिले। 51 फीट के रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भव्य आतिशबाजी निश्चित रूप से आकर्षण का केंद्र होंगे। लेकिन हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी आमजन की सुरक्षा और सुविधा है। इसके लिए आयोजन से जुड़े सभी विभागों और टीमों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।”
अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि “राम काज के भाव के साथ नगर सेवा का हमारा संकल्प भी निरंतर जारी है। जनसेवा केवल कार्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के हर आयोजन, हर पर्व और हर नागरिक की सुविधा से जुड़ी है। भाटापारा की जनता के साथ मिलकर हम अपने शहर के प्रत्येक पर्व को गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ मनाने का प्रयास कर रहे हैं।”
उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि “आइए, विजयादशमी के इस पावन पर्व पर हम सभी मिलकर अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और अहंकार पर मर्यादा की विजय का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। परिवार सहित उत्सव में शामिल हों, निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और भाटापारा के इस भव्य दशहरा उत्सव को यादगार बनाएं।”
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि “यह पर्व हमें केवल रावण दहन देखने का अवसर नहीं देता, बल्कि अपने भीतर के अहंकार, असत्य और नकारात्मकता पर विजय प्राप्त करने की प्रेरणा भी देता है। भगवान श्रीराम के आदर्शों के अनुरूप सेवा, संस्कार और सद्भाव की भावना को आगे बढ़ाना ही इस पर्व की वास्तविक सार्थकता है।”
नगर पालिका द्वारा दशहरा उत्सव को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और भाटापारा में विजयादशमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास, सांस्कृतिक गरिमा और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके। इस अवसर पर सभापति प्रतिनिधि देवेंद्र साहू दशरथ साहू मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवकुमार यादव इंजीनियर विनोद यादव आदर्श रामलीला मंडली से मोनू माल,कोमल शर्मा,बजरंग चौरसिया,लाला शर्मा आदि मौजूद रहे।
