अन्यअन्य जिलेछत्तीसगढ़

बस स्टैंड पर शराब पीकर लावारिस छोड़ी INSAS राइफल, दुर्ग पुलिस के दो जवान निलंबित

अंबिकापुर नगर के प्रतीक्षा बस स्टैंड परिसर में वर्दी में शराब सेवन करने और इंसास राइफल लावारिस छोड़कर जमीन पर सोते मिले दुर्ग पुलिस के दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। दुर्ग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आदेश जारी कर सहायक उप निरीक्षक जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए रक्षित केंद्र, दुर्ग से संबद्ध किया है।

जारी आदेश के अनुसार, दोनों कर्मचारियों को 17 अक्टूबर को मुलजिम पेशी ड्यूटी के लिए जिला सरगुजा भेजा गया था। आदेश में उल्लेख है कि 18 अक्टूबर को शाम 5.40 बजे नया बस स्टैंड, अंबिकापुर में दोनों पुलिस की वर्दी में शराब का सेवन करने के बाद इंसास राइफल छोड़कर जमीन पर सोते हुए पाए गए। आदेश में आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी का क्रमांक 1223 दर्ज है और उनका पदस्थापना स्थल रक्षित केंद्र, दुर्ग बताया गया है।

बस स्टैंड परिसर में दोनों कर्मचारियों के पड़े होने और पास में इंसास राइफल लावारिस हालत में दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राइफल को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित किया और वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। सार्वजनिक स्थान पर हथियार इस तरह छोड़े जाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे।

दुर्ग पुलिस अधीक्षक के आदेश में घटना को गंभीरता से लेते हुए दोनों कर्मचारियों को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। दोनों को रक्षित केंद्र, दुर्ग में संबद्ध किया गया है।

Source Link

Related posts

भारी बारिश में भी खुले रहे विद्यालय, इदरीस गांधी ने अवकाश घोषित करने की मांग की

दुरंतो एक्सप्रेस में विदेशी सोने की बड़ी खेप बरामद : RPF और DRI की संयुक्त कार्रवाई में 2 तस्कर गिरफ्तार

VIP चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की न‌ई प्रतिमा स्थापित

Leave a Comment

error: Content is protected !!