बिलासपुर

नेताजी सुभाष चंद्र बोस पुलिस अकादमी में 859 प्रशिक्षुओं का दीक्षांत समारोह संपन्न

चंदखुरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी में उप निरीक्षक संवर्ग का दीक्षांत पासिंग आउट परेड समारोह संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समारोह में शामिल होकर परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। उन्होंने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के साथ संवेदनशीलता ही नई पुलिसिंग की पहचान है।

इस सत्र में कुल 859 प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण पूरा किया, जिनमें 54 सूबेदार, 528 उप निरीक्षक (जीडी), 02 उप निरीक्षक (कंप्यूटर), 01 उप निरीक्षक (रेडियो), 01 उप निरीक्षक (अंगुली चिन्ह), 68 उप निरीक्षक (एसबी) तथा 205 प्लाटून कमांडर शामिल हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिन प्रशिक्षुओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां से वे राष्ट्र और प्रदेश की सेवा के लिए आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता उन्हें एक सफल अधिकारी बनाएगी। उन्होंने पुलिस सेवा को अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण बताते हुए कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्दी केवल अधिकार का प्रतीक नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा के प्रति संकल्प का द्योतक है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते समय सत्यनिष्ठा, न्याय और मानवता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

उन्होंने बताया कि राज्य में पुलिसिंग को आधुनिक बनाने के लिए तकनीकी संसाधनों का विस्तार किया गया है तथा साइबर अपराधों से निपटने के लिए विशेष इकाइयों की स्थापना की गई है। साथ ही भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रशिक्षण व्यवस्था को अधिक व्यावहारिक बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहला बैच है जिसने इन संहिताओं के तहत प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये अधिकारी न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करेंगे।

उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने भी प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि वे छत्तीसगढ़ पुलिस की ताकत को और मजबूत करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से ऐसा वातावरण बनाने की अपेक्षा की जिसमें अपराधियों में कानून का भय और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बना रहे।

समारोह में विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में प्रशिक्षुओं के परिजन उपस्थित रहे।

Source link

Related posts

बिलासपुर में जल क्रांति की नई पहल : 334 इंजेक्शन वेल से सीधे धरती की प्यास बुझाएगा प्रशासन

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पुलिस के रजत जयंती पदक का किया अनावरण

CEO जनपद पंचायत के स्थानांतरण आदेश पर हाई कोर्ट ने लगाई रोक

Leave a Comment

error: Content is protected !!