कोरबा

भाजपा किसान मोर्चा नेता पर जानलेवा हमला, कार में तोड़फोड़ के बाद 60 हजार रुपये लूटने का आरोप

कोरबा जिले के भुलसीडीह गांव में भाजपा किसान मोर्चा के मंडल इकाई मंत्री और पोल्ट्री फार्म संचालक कपिलेश्वर धीरज पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। कुछ लोगों ने पहले उनकी कार में तोड़फोड़ की, फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावर उनके पास मौजूद 60 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।

घायल कपिलेश्वर धीरज को डायल-112 की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

भुलसीडीह निवासी कपिलेश्वर धीरज निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास दुकान संचालित करते हैं। बुधवार देर रात दुकान बंद कर कार से घर लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के अरुण खांडे, संदीप कुमार और उनके साथियों ने रास्ता रोक लिया। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने पहले उनकी कार में जमकर तोड़फोड़ की और इसके बाद लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। धीरज का कहना है कि हमले के दौरान आरोपियों ने उनके पास रखे 60 हजार रुपये भी छीन लिए। मारपीट में गंभीर चोट लगने से वे मौके पर ही बेहोश हो गए। उनका आरोप है कि हमलावर उन्हें मृत समझकर घटनास्थल से भाग निकले।

कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और तत्काल डायल-112 को सूचना दी।

घायल भाजपा नेता का आरोप है कि निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में बाहर से आए मजदूर काम कर रहे हैं और परिसर तथा आसपास के गांवों में गांजा सहित अन्य नशीले पदार्थों की आपूर्ति की जा रही है। उनका कहना है कि इससे स्थानीय युवा और बच्चे नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने पहले भी अरुण खांडे और संदीप कुमार को समझाने का प्रयास किया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला किया। धीरज ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी अरुण खांडे एक कांग्रेस नेता का पुत्र है, जबकि संदीप कुमार पुलिस चौकी में सरकारी वाहन चालक है। उनका कहना है कि संदीप सरकारी नौकरी का रौब दिखाकर लगातार उन्हें धमकाता था। उन्होंने दावा किया कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने की वजह से उन्हें निशाना बनाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मारपीट और लूट के आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source Link

Related posts

कोरबा : खोडरी फेस में डंपर गिरा 150 फीट नीचे, ऑपरेटर की मौके पर मौत

सो रहे परिवार के तीन लोगों को जहरीले सांप ने काटा, पिता-पुत्र की मौत

भक्ति और संस्कृति के संगम पाली महोत्सव का हुआ भव्य समापन

Leave a Comment

error: Content is protected !!