LIC सहित बीमा कर्मचारियों के अखिल भारतीय संगठन ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाइज एसोसिएशन (AIIEA) ने सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनियों के निजीकरण के प्रयासों का विरोध करते हुए कर्मचारियों से संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। एसोसिएशन ने देशभर में अपना 76वां स्थापना दिवस मनाया।
रायपुर स्थित एलआईसी मंडल कार्यालय में आयोजित सभा में राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मराज महापात्र ने कहा कि वर्ष 1951 में निजी बीमा कंपनियों में कार्यरत कर्मचारियों ने कठिन परिस्थितियों के बीच AIIEA की स्थापना की थी। संगठन ने जीवन बीमा के राष्ट्रीयकरण के लिए लंबा संघर्ष किया, जिसके परिणामस्वरूप 1956 में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) का गठन हुआ। उन्होंने कहा कि पिछले 75 वर्षों में संगठन ने राष्ट्रीयकृत बीमा उद्योग की मजबूती और उसकी सुरक्षा के लिए लगातार संघर्ष किया है।
निजीकरण और सरकारी हिस्सेदारी घटाने पर जताई चिंता
सभा को संबोधित करते हुए धर्मराज महापात्र ने कहा कि मौजूदा समय में श्रमिक आंदोलन नई चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि एलआईसी में सरकार की हिस्सेदारी और कम करने तथा सार्वजनिक क्षेत्र की सामान्य बीमा कंपनियों के निजीकरण के प्रयास जारी हैं। इसके अलावा सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाओं की कार्यात्मक स्वायत्तता भी लगातार कमजोर की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद एलआईसी ने उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन नई भर्तियों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। ऐसे समय में कर्मचारियों की एकजुटता पहले से अधिक आवश्यक है।
लोकतांत्रिक मूल्यों और सार्वजनिक क्षेत्र की रक्षा का संकल्प
महापात्र ने कहा कि AIIEA का इतिहास यह साबित करता है कि कर्मचारी जब संगठित होकर संघर्ष करते हैं तो बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना कर सकते हैं। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र, लोकतांत्रिक मूल्यों, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए भविष्य के संघर्षों के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।
सरकारी हिस्सेदारी बेचने के प्रस्ताव का विरोध
कार्यक्रम को रायपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्पलाइज यूनियन के महासचिव गजेंद्र पटेल ने भी संबोधित किया। उन्होंने स्टॉक मार्केट के माध्यम से एलआईसी में सरकार की हिस्सेदारी दोबारा बेचने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा कि इसके खिलाफ संगठन का आंदोलन और तेज किया जाएगा।
उन्होंने कर्मचारियों से सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाओं को मजबूत बनाने और श्रमिक हितों की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील की।
इससे पहले रायपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्पलाइज यूनियन (RDIEU) की ओर से रायपुर मंडल कार्यालय सहित 16 शाखाओं में ध्वजारोहण, शपथ ग्रहण, वृक्षारोपण और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
