Foreign

क्रिप्टो बाजार में गिरावट से Trump Media को बड़ा झटका, पहली तिमाही में 40 करोड़ डॉलर से ज्यादा का नुकसान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मीडिया कंपनी Trump Media & Technology Group को क्रिप्टो मार्केट में आई भारी गिरावट का बड़ा झटका लगा है। कंपनी को इस साल की पहली तिमाही में करीब 40.59 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ है। इस नुकसान की बड़ी वजह कंपनी की क्रिप्टोकरेंसी होल्डिंग्स की वैल्यू में आई तेज गिरावट बताई जा रही है। Trump Media सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social को ऑपरेट करती है और हाल के वर्षों में कंपनी ने डिजिटल एसेट्स में बड़ा निवेश किया था।

रिपोर्ट के मुताबिक पहली तिमाही में कंपनी के पास 1.79 करोड़ डॉलर का ऑपरेटिंग कैश फ्लो और करीब 2.1 अरब डॉलर के फाइनेंशियल एसेट्स थे। हालांकि पिछले साल की तुलना में कंपनी के एसेट्स में तिगुनी बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन क्रिप्टो बाजार में गिरावट ने बड़ा नुकसान पहुंचाया। कंपनी को डिजिटल एसेट्स और इक्विटी निवेश से लगभग 37 करोड़ डॉलर का घाटा हुआ है।

Trump Media के पास 9,500 से ज्यादा बिटकॉइन हैं, जिन्हें पिछले साल औसतन 1,08,519 डॉलर प्रति बिटकॉइन की कीमत पर खरीदा गया था। वहीं इस साल फरवरी में कंपनी ने लगभग 2,000 बिटकॉइन को 70,000 डॉलर से कम कीमत पर बेच दिया था। फिलहाल बिटकॉइन की कीमत करीब 80,900 डॉलर के आसपास बनी हुई है। पिछले चार वर्षों में Trump Media के शेयर में 90 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है।

डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद अमेरिका में क्रिप्टो सेक्टर को लेकर कई सकारात्मक फैसले लिए गए हैं, जिससे Trump Media ने डिजिटल एसेट्स में निवेश बढ़ाया था। हालांकि बाजार में आई अस्थिरता ने कंपनी को बड़ा वित्तीय नुकसान पहुंचाया है।

सिर्फ Trump Media ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी कॉर्पोरेट बिटकॉइन होल्डर Strategy को भी इस साल पहली तिमाही में लगभग 12.5 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। कंपनी के पास 8,18,334 बिटकॉइन हैं, जो दुनिया में किसी भी कॉर्पोरेट कंपनी के पास सबसे ज्यादा माने जाते हैं। बिटकॉइन की कीमतों में तेज गिरावट के चलते Strategy को भी भारी नुकसान झेलना पड़ा है। लगातार उतार-चढ़ाव के कारण अब क्रिप्टो मार्केट में निवेश को लेकर फिर से चिंता बढ़ने लगी है।

Source link

Related posts

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन

अमेरिका में ट्रंप के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू, हजारों की संख्या में जुटे लोग

ईरान समझौते पर इजराइल को JD Vance की दो टूक: अमेरिका ही आपका आखिरी ताकतवर सहयोगी

Leave a Comment

error: Content is protected !!