छत्तीसगढ़

छह महीने से आतंक मचा रहा ‘कबरा’ हाथी अब होगा कैद, वन विभाग ने शुरू किया विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन

सरगुजा और सूरजपुर जिले में पिछले छह महीने से आतंक का पर्याय बने जंगली हाथी ‘कबरा’ को अब पकडऩे की तैयारी शुरू कर दी गई है। लगातार जानलेवा हमलों और आक्रामक व्यवहार को देखते हुए वन विभाग ने उसे ट्रैंकुलाइज कर पकडऩे और रमकोला रेस्क्यू सेंटर में रखने का निर्णय लिया है। इसके लिए वन विभाग ने विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

रमकोला से दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों को उदयपुर बुलाया गया है, वहीं बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम भी पहुंच चुकी है। फिलहाल कबरा हाथी उदयपुर वन परिक्षेत्र के सायर जंगल में मौजूद है। उसकी गतिविधियों पर ड्रोन कैमरे से लगातार नजर रखी जा रही है।

पिछले छह महीनों में कबरा हाथी के हमलों में 19 लोगों की जान जा चुकी है। हालिया घटनाओं ने वन विभाग की चिंता और बढ़ा दी है। बुधवार रात प्रेमनगर वन परिक्षेत्र के उमेश्वरपुर और श्यामपुर इलाके में हाथी ने महिला दिलासो को कुचलकर मार डाला था।

इसके अगले दिन गुरुवार को उदयपुर वन परिक्षेत्र के झिरमिटी गांव में हाथी ने घर से बाहर निकली 70 वर्षीय अंतीबाई पर हमला कर दिया। इस घटना में महिला की मौत हो गई। इसी गांव में हाथी ने एक अन्य महिला को भी कुचलकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद वन विभाग ने अब हाथी को पकडऩे का फैसला लिया है।

कबरा हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पहले प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) की ओर से उसे रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति दी गई थी। इसका उद्देश्य हाथी की लोकेशन का पता लगाकर ग्रामीणों को समय रहते सतर्क करना था। लेकिन लगातार बढ़ते आक्रामक व्यवहार और जानलेवा हमलों को देखते हुए वन विभाग ने अपनी रणनीति बदल दी है। अब उसे ट्रैंकुलाइज कर पकडऩे के बाद रमकोला रेस्क्यू सेंटर में रखने की योजना बनाई गई है।

अधिकारियों का मानना है कि नियंत्रित वातावरण में रखने से उसके व्यवहार का आकलन किया जा सकेगा। व्यवहार में सुधार आने के बाद उसे आसपास के जंगल में छोड़े जाने पर विचार किया जाएगा।

दो कुमकी हाथी और विशेषज्ञों की टीम पहुंची
रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए रमकोला रेस्क्यू सेंटर से दो कुमकी हाथियों को उदयपुर लाया गया है। ये प्रशिक्षित पालतू हाथी हैं, जिनकी मदद से जंगली हाथी के करीब पहुंचने और रेस्क्यू की कार्रवाई में सहायता ली जाएगी। वहीं, ट्रैंकुलाइज करने के लिए बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जडिय़ा की टीम भी उदयपुर पहुंच गई है। विशेषज्ञों, कुमकी हाथियों और वन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम सायर जंगल के लिए रवाना हो गई है। जंगल में कबरा की लोकेशन और उसकी गतिविधियों का आकलन करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दर्जनभर स्कूलों में छुट्टी, गांवों में अलर्ट
कबरा हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है। सायर, कुदर, बसवार सहित आसपास के गांवों के करीब एक दर्जन स्कूलों में एहतियातन शुक्रवार को छुट्टी घोषित की गई है। ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से मना किया गया है। हाथी की आवाजाही वाले क्षेत्रों में लोगों की निगरानी और सुरक्षा के लिए वन अमले को तैनात किया गया है।

ड्रोन से जंगल में तलाश, इलाके की घेराबंदी
कबरा हाथी फिलहाल सायर जंगल में डटा हुआ है। वन विभाग की टीमें ड्रोन कैमरे की मदद से उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। जंगल के आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर हाथी की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि रेस्क्यू टीम को सुरक्षित तरीके से कार्रवाई का मौका मिल सके। ग्रामीणों को हाथी के करीब जाने, उसे छेडऩे या उसका पीछा करने से बचने की हिदायत दी गई है।

आक्रामक व्यवहार में सुधार के बाद जंगल में छोडऩे पर विचार
सीसीएफ वाइल्ड लाइफ सरगुजा डॉ. प्रणव मिश्रा ने बताया कि पहले कबरा हाथी को रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति मिली थी, लेकिन उसके लगातार आक्रामक व्यवहार और जनहानि की घटनाओं को देखते हुए अब उसे पकड़कर रमकोला रेस्क्यू सेंटर में रखने की योजना बनाई गई है। हाथी के व्यवहार में सुधार आने के बाद उसे नजदीकी जंगल में छोड़ा जाएगा। रेडियो कॉलर लगाने से भविष्य में उसकी लोकेशन का पता लगाने और आसपास के ग्रामीणों को सतर्क करने में मदद मिलेगी।

Source Link

Related posts

नीतीश कुमार की हरकत शर्मनाक : इस्तीफा देने की उठी मांग

चुनाव आयोग की घोषणा : देश के 12 राज्यों में शुरू होगा SIR का दूसरा चरण

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज : बारिश के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी, कई जिलों में गरज-चमक के आसार

Leave a Comment

error: Content is protected !!