रायपुर

रायपुर के ब्लू वाटर में फिर हादसा, दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे युवक की डूबने से मौत

रायपुर के माना थाना क्षेत्र स्थित नकटी गांव के पास मौजूद ब्लू वाटर पॉइंट में एक बार फिर दर्दनाक हादसा सामने आया है। दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे एक युवक ने मजाक-मजाक में लगाई गई शर्त को पूरा करने की कोशिश की, लेकिन यह चुनौती उसकी जिंदगी की आखिरी चुनौती साबित हुई। गहरे पानी में डूबने से 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जिससे उसके परिवार और दोस्तों में मातम छा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार मौदहापारा निवासी आदिल खान (24) अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच खदान में भरे पानी को एक किनारे से दूसरे किनारे तक तैरकर पार करने की शर्त लगी। शर्त के तहत आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतर गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरुआत में दोनों युवक सामान्य रूप से तैर रहे थे, लेकिन बीच रास्ते में पहुंचते ही आदिल गहरे पानी वाले हिस्से में फंस गया और देखते ही देखते पानी में समा गया। उसका साथी किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन आदिल को बचाया नहीं जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने माना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। हालांकि रात होने और अंधेरा बढ़ जाने के कारण तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक की तलाश के लिए SDRF की टीम सुबह करीब 5:30 बजे से सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी। प्रशासन को उम्मीद है कि अभियान के दौरान युवक का पता लगाया जा सकेगा।

गौरतलब है कि ब्लू वाटर क्षेत्र पहले भी कई हादसों का गवाह बन चुका है। इसके बावजूद लोग रोमांच और स्टंट के चक्कर में गहरे पानी में उतरकर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। ताजा घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि खतरनाक जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा इंतजाम और जागरूकता कितनी जरूरी है।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे स्थानों पर किसी भी प्रकार की शर्त, स्टंट या लापरवाही भरा कदम उठाने से बचें, क्योंकि एक छोटी सी भूल जिंदगी भर का दर्द बन सकती है।

Source link

Related posts

जे.आर. दानी विद्यालय में साइकिल वितरण और बाल कैबिनेट शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन

CM विष्णुदेव साय ने रायपुर साहित्य उत्सव की वेबसाइट का लोकार्पण किया

रायपुर पुलिस ने बरामद किये 20 लाख के 100 गुम मोबाइल फोन

Leave a Comment

error: Content is protected !!