छत्तीसगढ़

गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

दुर्ग। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर में 60 रुपये तथा कमर्शियल गैस सिलेंडर में 115 रुपये की मूल्य वृद्धि के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष श्री राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर अध्यक्ष श्री धीरज बाकलीवाल एवं भिलाई नगर अध्यक्ष श्री मुकेश चंद्राकर के संयुक्त नेतृत्व में पटेल चौक, दुर्ग में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया गया।

इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि को आम जनता पर सीधा आर्थिक बोझ बताया।
कांग्रेस के दुर्ग ग्रामीण जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आज आम आदमी की रसोई पर सीधा असर पड़ रहा है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता को अब गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर और अधिक परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय भाजपा ने महंगाई कम करने का वादा किया था, लेकिन आज महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों का जीवन कठिन हो गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि ₹500 में गैस सिलेंडर देने का वादा करने वाली भारतीय जनता पार्टी आज जनता को मुंह दिखाने के लायक नहीं रह गई है। चुनाव के समय किए गए वादों से भाजपा पूरी तरह मुकर गई है और जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
दुर्ग शहर अध्यक्ष श्री धीरज बाकलीवाल ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर में ₹60 और कमर्शियल गैस सिलेंडर में ₹115 की बढ़ोतरी से आम नागरिकों के साथ-साथ छोटे होटल, ढाबा संचालक और व्यापारियों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

भिलाई नगर अध्यक्ष श्री मुकेश चंद्राकर ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह असफल साबित हुई है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता त्रस्त है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी और हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी देखने को मिली, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार बढ़ाई गई गैस सिलेंडर की कीमतों को वापस नहीं लेती, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हित में आगे भी चरणबद्ध आंदोलन करेगी।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
Source link

Related posts

CRPF में भर्ती होने का मौका : सुकमा और बीजापुर जिले के लिए 300 पद पर भर्ती

मुफ्ती मोहम्मद अली फारूकी साहब की तदफीन की जगह में तब्दीली

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पहुंचे रायपुर, कांग्रेसियों ने किया गर्मजोशी से स्वागत, किसान, जवान, संविधान सभा में हुए शामिल

Leave a Comment

error: Content is protected !!