
पाटन। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम पंदर में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक साथ दो घरों को निशाना बनाते हुए उनके बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों पर हाथ साफ कर दिया। हालांकि, चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बाइक लेकर भाग रहे चोरों की किस्मत ने साथ नहीं दिया। एक बाइक का पेट्रोल रास्ते में ही खत्म हो गया, जिसके बाद चोर उसे गांव के पास लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंदर निवासी उपसरपंच आकाश कश्यप और पंच सतीश वर्मा ने रोजाना की तरह अपनी-अपनी मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी की थी। देर रात अज्ञात चोर पहुंचे और दोनों वाहनों के लॉक तोड़कर उन्हें लेकर फरार हो गए।
सुबह जब दोनों वाहन मालिकों की नींद खुली और घर के बाहर बाइक नहीं मिली, तो उनके होश उड़ गए। आसपास तलाश करने पर एक मोटरसाइकिल गांव के नजदीक लावारिस हालत में मिली। बताया जा रहा है कि पेट्रोल खत्म होने के कारण चोर उसे वहीं छोड़कर भाग निकले।
वहीं, आकाश कश्यप की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 6326 चोरी हो गई है। घटना की सूचना पाटन थाने में दी गई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।
एक ही रात में दो घरों के बाहर से बाइक चोरी की कोशिश ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
