बिलासपुर

यात्रियों की पहली पसंद बन रहा RailOne App, टिकट बुकिंग से लाइव ट्रेन स्टेटस तक सभी सुविधाएं एक जगह

भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों को आधुनिक, त्वरित और सुविधाजनक डिजिटल सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित रेलवन ऐप यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। पिछले वर्ष जुलाई में शुरू किए गए इस एकीकृत मोबाइल ऐप को देशभर में करोड़ों लोग डाउनलोड कर चुके हैं और इसका उपयोग लगातार बढ़ रहा है।

रेलवन ऐप के माध्यम से यात्री आरक्षित, अनारक्षित एवं प्लेटफॉर्म टिकट की आसानी से बुकिंग कर सकते हैं। टिकट रद्दीकरण और रिफंड की प्रक्रिया भी सरल और त्वरित बनाई गई है। इसके अलावा यात्रियों को पीएनआर स्टेटस, वेटिंग स्थिति, लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, ट्रेन के आगमन-प्रस्थान समय, प्लेटफॉर्म नंबर तथा कोच पोजिशन जैसी जानकारियाँ रियल टाइम में उपलब्ध हो रही हैं।

ऐप सुरक्षित और तेज डिजिटल भुगतान सुविधा उपलब्ध कराता है, जिससे यात्रियों का समय और श्रम दोनों बच रहे हैं। डिजिटल टिकटिंग बढ़ने से टिकट काउंटरों पर भीड़ और लंबी कतारों में भी कमी आई है। यात्री कहीं से भी अपने मोबाइल के जरिए टिकट बुक कर पा रहे हैं।

रेलवन ऐप कैशलेस और पारदर्शी टिकटिंग व्यवस्था को बढ़ावा देने के साथ खुल्ले पैसे और फर्जी करेंसी जैसी समस्याओं से भी राहत दिला रहा है। यात्रा के दौरान भोजन ऑर्डर करने की सुविधा भी ऐप में उपलब्ध है, जिससे पसंदीदा भोजन यात्रियों की सीट तक पहुंचाया जाता है।

भारतीय रेलवे द्वारा अनारक्षित टिकट की डिजिटल बुकिंग को प्रोत्साहित करने के लिए रेलवन ऐप से टिकट बुक कर डिजिटल भुगतान करने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। यह सुविधा 14 जुलाई 2026 तक प्रभावी रहेगी।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा रेलवन ऐप के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंडल के 81 स्टेशनों के बुकिंग कार्यालयों में ऐप से संबंधित फ्लेक्स, बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। प्रमुख स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को ऐप की जानकारी दी जा रही है।

वाणिज्य विभाग द्वारा प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क संचालित कर यात्रियों को ऐप डाउनलोड करने, टिकट बुकिंग और डिजिटल भुगतान संबंधी सहायता भी प्रदान की जा रही है। कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों द्वारा प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को ऐप की उपयोगिता के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

स्टेशनों के बुकिंग काउंटरों पर लगाए गए रेलवन ऐप स्टिकरों में उपलब्ध QR कोड को स्कैन कर यात्री ऐप डाउनलोड करने के साथ टिकट भी बुक कर सकते हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से भी ऐप का लगातार प्रचार किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि रेलवन ऐप भारतीय रेल की डिजिटल सेवाओं को एक मंच पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे यात्रियों को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएँ मिल रही हैं तथा उन्हें डिजिटल टिकटिंग और आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Source link

Related posts

चोरी के जेवर गिरवी रखकर लिया लोन, जांच में सहयोग नहीं करने पर अग्रिम जमानत खारिज

कार का दरवाज़ा खुलते ही टकराई बाइक, हादसे में एक की मौत

बाल विवाह कानून का उल्लंघन करने पर 2 साल की सजा

Leave a Comment

error: Content is protected !!