रायपुर

स्वच्छता ही सेवा 2026 के अंतर्गत CBC एवं Press Information Bureau रायपुर में स्वच्छता अभियान

रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। भारत सरकार द्वारा संचालित स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC) एवं पत्र सूचना कार्यालय(PIB), क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर तथा आंतरिक क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया। इस वर्ष अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत–विकसित भारत” है। अभियान के माध्यम से स्वच्छता को जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए सतत व्यवहार परिवर्तन को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

अभियान के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से कार्यालय परिसर की साफ-सफाई की तथा विभिन्न आंतरिक क्षेत्रों को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाए रखने के लिए श्रमदान किया।

कार्यालय प्रमुख रमेश जायभाये, सहायक निदेशक श्री सुदीप्ता कर, वरिष्ठ लेखाकार श्री मदन मोहन होता सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हुए।

इस अवसर पर कार्यालय प्रमुख रमेश जायभाये ने स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छता किसी विशेष अभियान तक सीमित गतिविधि नहीं है, बल्कि इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए। स्वच्छ कार्यालय वातावरण से कार्यक्षमता, सकारात्मकता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिलता है।

सहायक निदेशक श्री सुदीप्ता कर ने स्वच्छता को दैनिक आदत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों और कार्यस्थल की स्वच्छता के प्रति भी प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने स्वच्छता संबंधी व्यवहारों को निरंतर अपनाने तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

अभियान के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नियमित रूप से स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता का संकल्प दोहराया। कार्यालय में कचरे के उचित निस्तारण, स्वच्छ कार्यस्थल की संस्कृति को बढ़ावा देने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए दैनिक स्तर पर भी आवश्यक गतिविधियां की जा रही हैं।

स्वच्छता ही सेवा अभियान प्रतिवर्ष नागरिकों, संस्थानों और विभिन्न संगठनों को सामूहिक सहभागिता तथा स्वैच्छिक श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता अभियान से जोड़ता है। वर्ष 2026 का अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान स्वच्छ कार्यालय, स्वच्छ सार्वजनिक स्थल, कचरा प्रबंधन, पुनर्चक्रण और स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता जैसी गतिविधियों पर विशेष बल दिया जा रहा है।

केंद्रीय संचार ब्यूरो एवं पत्र सूचना ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता को नियमित व्यवहार का हिस्सा बनाने तथा “स्वच्छ भारत–विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने में निरंतर योगदान देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Related posts

रासायनिक खाद की कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : कृषि मंत्री

लंबित ई-चालान धारकों को राहत : 14 मार्च को लोक अदालत में होगा निराकरण

गोलबाजार चिकनी मन्दिर के पास निगम की कार्यवाही से प्रभावित पसरा व्यापारियों को बूढ़ापारा पुराना धरना स्थल में दीपावली पर्व तक बैठने की व्यवस्था

Leave a Comment

error: Content is protected !!