छत्तीसगढ़

जशपुर में खेत में बैलों के धान चरने पर खूनी विवाद, बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या; आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। खेत में बैल के धान चरने की बात को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की डंडे और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बसंतटोली की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक एतवा राम (56 वर्ष) निवासी ग्राम बसंतटोली, 11 नवंबर 2026 की शाम अपने बैलों को चराने के लिए गांव के नीचे टांगरगाड़ा खेत की ओर गए थे। इसी दौरान गांव के ही फिंटू राम उर्फ धनक राम (52 वर्ष) ने अपने खेत में बैलों द्वारा धान चरने की बात को लेकर उनसे विवाद शुरू कर दिया।

विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर बांस के डंडे से एतवा राम की पीठ और जांघ पर कई बार प्रहार किया। इसके बाद उसने लकड़ी का मोटा डंडा उठाकर उनके हाथ पर भी कई बार प्रहार किया और लात-घूंसों से मारपीट की। गंभीर चोट लगने से एतवा राम बेहोश हो गए। घटना के दौरान ग्रामीणों ने बीच-बचाव का प्रयास भी किया।

सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल एतवा राम को उपचार के लिए जिला अस्पताल जशपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 374/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस ने संदेही फिंटू राम उर्फ धनक राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस एवं लकड़ी के दो डंडे घटनास्थल के पास झाड़ियों से बरामद कर जब्त किए गए।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोरे खड़िया देशमुख, प्रशिक्षु उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, सहायक उप निरीक्षक एसएम पॉल, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता तथा आरक्षक शोभनाथ सिंह, रवि कुमार, देवेंद्र एवं देविंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Source link

Related posts

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने 230 हितग्राहियों को बांटे 23 लाख के चेक, शिक्षा-स्वास्थ्य पर दिया जोर

बिना रेरा पंजीयन प्लॉट बेचने पर डेव्हलपर्स पर 8 लाख रुपये का जुर्माना

साय कैबिनेट का फैसला : जनवरी से राजधानी रायपुर में लागू होगा पुलिस कमिश्नर सिस्टम

Leave a Comment

error: Content is protected !!