रायगढ़ जिले के पुसौर में प्रोफेसर के अपहरण और लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा किया है। बदमाशों ने चाकू की नोक पर प्रोफेसर को बंधक बनाकर उनके मोबाइल से UPI पासवर्ड हासिल किए और खाते से रकम ट्रांसफर कराई। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 99 हजार 100 रुपये नकद सहित वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, चाकू और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
मामला पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला का है। पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को 47 वर्षीय प्रोफेसर कपूर चंद गुप्ता शाम के समय टहलने निकले थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें घेरकर चाकू की नोक पर धमकाया और मोबाइल फोन के पासवर्ड तथा Google Pay और BHIM UPI की जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद डिजिटल ट्रांजेक्शन के जरिए उनके खाते से रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर कराई गई।
वारदात के बाद आरोपियों ने प्रोफेसर को भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी में एक कमरे में बंधक बनाकर रखा था। परिजनों को बातचीत के दौरान संदेह हुआ, जिसके बाद वे तलाश करते हुए मौके पर पहुंचे। परिजनों और ग्रामीणों के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने प्रोफेसर को सकुशल मुक्त कराया और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने पहले सुनील सारथी को गिरफ्तार किया। पूछताछ और लगातार दबिश के बाद राजेंद्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत, नरेंद्र उर्फ नंदू महंत और दिनेश सारथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मिलकर अपहरण और लूट की योजना बनाई थी। मामले में आगे की जांच जारी है।
