बिलासपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर विभाग की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 8 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं।
पहली कार्रवाई ग्राम इटवा-पाली में की गई, जहां अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए। खनिज विभाग ने सभी वाहनों को जब्त कर खनिज जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में रखा है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई 16 नवंबर को ग्राम पहंदा में की गई। यहां अवैध रेत उत्खनन करते पाए जाने पर 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए। इन वाहनों को पुलिस चौकी बेलगहना की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिजों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
