छत्तीसगढ़

पाटन में अकीदत और जोश के साथ मनाया गया जश्न-ए-ईद-मिलाद-उन-नबी

पाटन। पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के यौम-ए-पैदाइश के मुबारक मौके पर पाटन नगर में जश्न-ए-ईद-मिलाद-उन-नबी पूरे धार्मिक उत्साह, श्रद्धा और अकीदत के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर की जामा मस्जिद को आकर्षक रोशनी और सजावट से जगमगा दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में रूहानी माहौल देखने को मिला।

रबी-उल-अव्वल माह की शुरुआत के साथ ही जामा मस्जिद में दरूद ख्वानी और इबादत का सिलसिला शुरू हो गया था। 24 अगस्त को आयोजित विशेष महफिल में भिलाई से पधारे मुफ़्ती मोहम्मद जलालुद्दीन कादरी ने हुजूर पाक सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की सीरत-ए-मुबारका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनकी शिक्षाओं को मानवता के लिए मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि पैगंबर-ए-इस्लाम ने पूरी दुनिया को अमन, मोहब्बत, इंसाफ, भाईचारे और इंसानियत की सेवा का संदेश दिया।

महफिल में नातख्वां अय्यूब खान, अशोगा शैफ, सलमान और मोहम्मद शाहनवाज ने नात-ए-पाक पेश कर माहौल को रूहानी रंग में रंग दिया।

शहर में निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी

रबी-उल-अव्वल की 12वीं तारीख को फज्र की नमाज के बाद जामा मस्जिद में परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। इसके बाद सुबह 10 बजे जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों और मोहल्लों से होकर गुजरा। रास्ते भर लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों के स्वागत में चाय, नाश्ता, फल और शर्बत की व्यवस्था की।

जुहर की नमाज के समय जुलूस पुनः जामा मस्जिद पहुंचा, जहां दोबारा परचम कुशाई की गई। इसके बाद केक काटकर खुशी का इजहार किया गया और आम लंगर का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में लोगों ने लंगर-ए-मोहम्मदी में शामिल होकर तबर्रुक हासिल किया।

आसपास के गांवों से भी पहुंचे लोग

इस धार्मिक आयोजन में नवागांव, बोरिद, रानीतराई, असोगा, आमदी, मर्रा, तर्रा, फूंडा, तेलीगुंडरा और बोरेंदा सहित आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों से लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे दिन नगर में भाईचारे, एकता और धार्मिक उत्साह का वातावरण बना रहा।

अमन और भाईचारे के लिए की गई विशेष दुआ

कार्यक्रम का आयोजन जमात के सदर हाजी शकील मोहम्मद के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान नायब सदर सैय्यद जाफरी, खजांची कलीम मोहम्मद, सज्जाद हुसैन, सेक्रेटरी सैय्यद वसीम अली सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। पाटन जामा मस्जिद के पेश इमाम हाफिज अहमद रजा साहब की मौजूदगी में देश, प्रदेश और समाज में अमन, चैन, तरक्की और भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

जुलूस के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन और साइबर ब्रांच की ओर से जामा मस्जिद परिसर में विशेष कैंप लगाया गया। पाटन थाना पुलिस की टीम पूरे कार्यक्रम और जुलूस के दौरान मुस्तैदी के साथ तैनात रही। मुस्लिम समाज ने शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग के लिए पाटन थाना एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Source link

Related posts

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ऑपरेशन के बाद रायपुर लौटे

होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं

फेसबुक पर सेना के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट : CISF जवान को हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत

Leave a Comment

error: Content is protected !!