पुराने सिक्के और नोट के बदले लाखों-करोड़ों रुपये दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को कबीरधाम साइबर पुलिस ने तेलंगाना से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाया और अलग-अलग शुल्क के नाम पर रकम वसूलते रहे। कबीरधाम के एक व्यक्ति से आरोपियों ने कुल 1 लाख 68 हजार 269 रुपये की ठगी की थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम तेलंगाना पहुंची, जहां दोनों आरोपी किराये के कमरे से पकड़े गए।
मामला अगस्त 2026 का है। प्रार्थी ने इंस्टाग्राम रील्स देखते समय एक विज्ञापन देखा, जिसमें 5 रुपये के वैष्णो देवी छाप सिक्के के बदले 85 लाख रुपये और 5 रुपये के ट्रैक्टर छाप पुराने नोट के बदले 1 करोड़ रुपये देने का दावा किया गया था। विज्ञापन में दिए नंबर पर संपर्क करने के बाद आरोपियों ने पुराने सिक्के और नोट की फोटो व्हाट्सऐप पर मंगाई और खुद को मुंबई से बोलना बताया।
शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने बैंकिंग डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू किया। जांच में आरोपियों का कनेक्शन तेलंगाना के निजामाबाद जिले से सामने आया। इसके बाद पुलिस टीम तेलंगाना पहुंची और फतेहपुर क्षेत्र में किराये के कमरे से भरतपुर राजस्थान निवासी मोहम्मद नजीम और मोहम्मद रोहिल को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर “राज ज्ञानी” नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर पुराने सिक्के और नोट के बदले भारी रकम दिलाने का झांसा देने की बात स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए 5 महंगे मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है, जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी सिम और अलग-अलग बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे और अन्य राज्यों में भी इसी तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम देने की जानकारी सामने आई है।
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर पुराने सिक्के-नोट, नौकरी, निवेश या किसी अन्य वस्तु के बदले असामान्य रूप से ज्यादा रकम देने वाले विज्ञापनों के झांसे में न आएं। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर किसी भी तरह का शुल्क ऑनलाइन ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें।
