रायगढ़ पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया है। पूंजीपथरा और लैलूंगा पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में एक अपचारी बालक सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत की चोरी की 10 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पूंजीपथरा पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की 9 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी रात के समय क्षेत्र में घूमकर बाइक चोरी करते थे और चोरी के बाद वाहनों को जंगल में ले जाकर पेड़ों की पत्तियों से ढककर छिपा देते थे। आरोपियों ने तराईमाल स्थित बीएस कंपनी कॉलोनी और उर्दना क्षेत्र से बाइक चोरी करना स्वीकार किया है।
वहीं लैलूंगा पुलिस ने चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों अनिश यादव और निलेश यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी चोरी की बाइक को बेचने की फिराक में थे और पहचान छिपाने के लिए उसके कुछ पार्ट्स में बदलाव कर मॉडिफाई कर रहे थे। पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी और संगठित अपराध की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले भी बाइक और तांबा चोरी के मामले दर्ज हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में वाहन चोरी और अन्य अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। फिलहाल पुलिस बरामद वाहनों के मालिकों की पहचान और चोरी की अन्य वारदातों में आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
