कोयला कारोबार में करीब 30 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने कोलकाता निवासी एक कारोबारी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, तिफरा स्थित रामा वर्ल्ड निवासी एवं महालक्ष्मी कोल कारपोरेशन के प्रोपराइटर आलोक अग्रवाल की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कोयले की खरीद-बिक्री के दौरान करीब 30 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया गया। कई बार राशि की मांग के बावजूद भुगतान नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
शिकायत के मुताबिक, महालक्ष्मी कोल कारपोरेशन एसईसीएल से कोयले की खरीद-बिक्री का कारोबार करती है। वर्ष 2022 में कारोबारी परिचय कोलकाता स्थित अर्श राजा ट्रेडिंग फर्म के प्रोपराइटर मोहम्मद राजी अहमद खान उर्फ राजू खान से हुआ था। शुरुआती कारोबारी लेन-देन में आरोपी नियमित रूप से भुगतान करता रहा, जिससे दोनों पक्षों के बीच विश्वास बना।
आरोप है कि बाद में आरोपी ने अधिक मात्रा में कोयला उधार पर देने का आग्रह किया और जल्द भुगतान करने का भरोसा दिलाया। इस भरोसे पर मार्च 2023 से अप्रैल 2024 के बीच महालक्ष्मी कोल कारपोरेशन ने बड़ी मात्रा में कोयले की आपूर्ति की। इस दौरान कुछ भुगतान किया गया, लेकिन करीब 30 लाख रुपये की राशि अब तक बकाया है।
आलोक अग्रवाल का आरोप है कि बकाया राशि की लगातार मांग के बावजूद आरोपी टालमटोल करता रहा और पिछले करीब एक वर्ष से फोन उठाना भी बंद कर दिया। उनका कहना है कि आरोपी ने शुरू से ही कपटपूर्ण नीयत से कोयला खरीदा और भुगतान नहीं कर आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बिक्री बिल एवं लेन-देन से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध कराए हैं। सिरगिट्टी पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
