बिलासपुररायपुर

बिना दस्तावेज बाइक खरीदना पड़ा महंगा, एडवांस के 35 हजार लेकर मुकरा आरोपी

बिलासपुर। बिना दस्तावेज बाइक खरीदने का सौदा एक युवक के लिए महंगा साबित हुआ। आरोपी ने एडवांस राशि लेने के बाद न केवल बाइक देने से इनकार कर दिया, बल्कि पैसे वापस मांगने पर कथित तौर पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सीपत स्थित एनटीपीसी निवासी देवेंद्र गुप्ता (23) फूड डिलीवरी का काम करते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि टिकरापारा निवासी अंकुश यादव अपनी बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। इसकी जानकारी उन्हें एक मित्र के माध्यम से मिली। इसके बाद वह अपने दोस्त के साथ बाइक देखने पहुंचे। बाइक पसंद आने पर दोनों पक्षों के बीच 40 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। देवेंद्र ने 9 जून को 35 हजार रुपये एडवांस के रूप में दे दिए।

शिकायत के अनुसार, अगले दिन अंकुश यादव ने फोन कर देवेंद्र को टिकरापारा बुलाया और बताया कि बाइक के दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। इस पर देवेंद्र ने बिना दस्तावेज बाइक खरीदने से इनकार करते हुए अपनी एडवांस राशि वापस मांगी। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर अंकुश ने उनके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही एडवांस राशि लौटाने से भी मना कर दिया।

मारपीट में घायल देवेंद्र ने कोतवाली थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Source link

Related posts

सांसद फूलो देवी नेताम ने अजमेर शरीफ दरगाह में चादर पेश की

मालवीय रोड पर घंटों जाम से लोग परेशान, अतिक्रमण हटाने की उठी मांग

रायगढ़ पुलिस की इंटरस्टेट कार्रवाई, कोलकाता से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़

Leave a Comment

error: Content is protected !!