
कोरबा जिले के पाली स्थित सरायपाली ओपन कास्ट कोल माइंस में पार्टनर बनाने का झांसा देकर रायपुर के डायमंड कारोबारी से 4.55 करोड़ कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीडि़त अक्षत राजन ने केएनएस के डायरेक्टर अमन नारायण पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। अक्षत राजन ने इसकी शिकायत कल शाम तेलीबांधा थाना में दर्ज कराई। पुलिस ने विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमर नारायण सिंह के खिलाफ धारा 318(4), 316 और 61 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अक्षत राजन 3 डायमंड इंडस्ट्रीज के संचालक हैं। तीन साल पहले उनकी पहचान केएनएस विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमर नारायण सिंह से हुई थी। आरोपी ने उन्हें कोयला उत्खनन के कारोबार में पार्टनर बनाने और कोरबा जिले के पाली स्थित सरायपाली ओपन कास्ट माइन में पार्टनर बनाने का प्रस्ताव दिया था। अमन नारायण सिंह ने व्यवसाय में पैसा लगाने उससे 4.55 करोड़ की मांग की गई। अक्षत ने उस पर भरोसा कर ऑनलाइन माध्यम से अमन नारायण को आरटीजीएस के माध्यम से रकम उसके खाता में जमा करा दिए।
इसके बदले निवेश की गई रकम लाभ सहित वापस करने का भरोसा दिलाया गया था। इसके अलावा वर्ष 2023-24 में खदान में कोयला उत्खनन संचालन करने के लिए ईंधन, मेंटेनेंस और अन्य जरूरी खर्चों का भुगतान भी किया। जिसके बाद अक्षत को माइंस का काम भी दिया गया।
कई महीनों तक खदान में कामकाज करने के बाद अक्षत ने अपने हिस्से के लाभ की मांग की तो आरोपी अलग-अलग कारण बताकर भुगतान टालता रहा। बाद में कई बार मूलधन और लाभ वापस मांगने के बावजूद रकम नहीं लौटाई गई। आरोपी ने अब मूल की रकम लौटाने से भी इनकार कर दिया। धोखाधड़ी होने के शक में अक्षत ने तेलीबांधा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अमन नारायण के खिलाफ 318-4, 316, 61 का अपराध दर्ज किया है। शिकायत संबंधित दस्तावेजों के आधार पर पुलिस मामले में जांच कर रही है।
Source Link
