सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने के चक्कर में सड़क पर खतरनाक स्टंटबाजी करना पांच युवकों को भारी पड़ गया। रायगढ़ में दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक सार्वजनिक सड़क पर स्टंटबाजी और अशोभनीय हरकतें करते हुए वीडियो बना रहे थे।
मामला 9 नवंबर की रात का है, जहां युवक शहीद हेमू कलाणी चौक से चक्रधरनगर चौक की ओर जा रहे थे। इस दौरान उनकी खतरनाक करतूतों का वीडियो सामने आया, जिसके बाद चक्रधरनगर पुलिस ने वीडियो के आधार पर पांचों युवकों की पहचान की।
पुलिस ने सभी युवकों को उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाकर समझाइश दी। इसके बाद पांचों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस और 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। जहां से जेल वारंट जारी होने पर सभी को जेल भेज दिया गया।
वहीं, एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि सड़कें स्टंटबाजी के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों पर रायगढ़ पुलिस की नजर है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
