छत्तीसगढ़दुर्ग

महिलाओं से जुड़े साइबर अपराध पर महिला आयोग सख्त, डॉ. ममता साहू बोलीं- कार्रवाई न हो तो सीधे IG या आयोग में करें शिकायत

दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने महिलाओं से जुड़े साइबर अपराध और सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर सख्त रुख अपनाया है। दुर्ग में पहली जनसुनवाई के दौरान उन्होंने कहा कि यदि साइबर अपराध की शिकायत पर थाने में प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है, तो महिलाएं सीधे आईजी कार्यालय या राज्य महिला आयोग का रुख कर सकती हैं।

डॉ. ममता साहू ने कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के साथ महिलाओं की अश्लील तस्वीरें पोस्ट करने, आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने और AI का दुरुपयोग कर फर्जी तस्वीरें बनाने जैसे मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ऐसे मामलों में चुप रहने के बजाय तत्काल शिकायत करनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि राज्य महिला आयोग में फिलहाल पूरे छत्तीसगढ़ से 786 प्रकरण दर्ज हैं। इनमें सबसे ज्यादा 430 मामले रायपुर जिले से हैं, जबकि दुर्ग जिले में 68 प्रकरण दर्ज हैं।

महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि आयोग केवल शिकायतों की सुनवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए भी काम कर रहा है। आयोग की ओर से महिलाओं को उनके अधिकारों और शिकायत की प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए जागरूकता शिविर भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि जानकारी के अभाव में महिलाएं इधर-उधर भटकने को मजबूर न हों।

उन्होंने बताया कि आयोग के समक्ष आने वाले मामलों में घरेलू हिंसा, टोनही प्रताड़ना और कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न जैसे प्रकरण प्रमुख हैं। यदि किसी महिला की थाने में शिकायत पर कार्रवाई नहीं हो रही है, तो वह सखी सेंटर के माध्यम से भी शिकायत कर सकती है। इसके लिए मोबाइल नंबर 9098382225 पर संपर्क किया जा सकता है। महिला आयोग में ई-मेल के जरिए भी प्रकरण दर्ज कराया जा सकता है।

दुर्ग में 27 मामलों की सुनवाई, 3 प्रकरण नस्तीबद्ध

डॉ. ममता साहू के अध्यक्ष बनने के बाद प्रदेश स्तर पर यह तीसरी और दुर्ग जिले में पहली जनसुनवाई थी। कलेक्टर सभाकक्ष, दुर्ग में आयोजित सुनवाई में महिला उत्पीड़न से संबंधित कुल 27 प्रकरणों पर सुनवाई की गई। इनमें से 3 प्रकरणों को नस्तीबद्ध किया गया।

जनसुनवाई में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू के साथ सदस्य ओजस्वी मंडावी, सह प्रभारी दीपिका शोरी और सदस्य सरला कोसरिया भी मौजूद रहीं।

Related posts

छत्तीसगढ़ में SIR आज से शुरू, BLO पहुंचेगा घर-घर

जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग के चौथी बार अध्यक्ष बने प्रीतपाल बेलचंदन का सेलूद शाखा के प्रतिनिधियों ने किया स्वागत

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे पर, केंद्रीय मंत्रियों से करेंगे मुलाकात

Leave a Comment

error: Content is protected !!