दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर और रायपुर की टीम ने डीआरआई नागपुर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपये बताई गई है। मामले में दो संदिग्धों को पकड़ा गया है।
आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को विश्वस्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि ट्रेन नंबर 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोने की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर नागपुर और रायपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के साथ ट्रेन में सघन जांच शुरू की।
संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन की जांच की। इसी दौरान भंडारा-नागपुर के बीच बी-12 कोच में दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ। इसमें 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल है।
आरपीएफ ने दोनों आरोपियों को जब्त सोने के साथ डीआरआई नागपुर के सुपुर्द कर दिया। डीआरआई ने मामले में कस्टम अधिनियम 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही डीआरआई सोने की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर और रायपुर की टीम की अहम भूमिका रही। कार्रवाई से एक बार फिर रेलवे में अवैध गतिविधियों पर निगरानी और सुरक्षा को लेकर आरपीएफ की सतर्कता सामने आई है।
