राजधानी रायपुर में सोलर पैनल लगाने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में दो युवा टेक्निशियन की जान चली गई। यह घटना शनिवार को पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र स्थित प्रोफेसर कॉलोनी में हुई, जहां एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का काम चल रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, तीन तकनीशियन छत पर सोलर सिस्टम स्थापित कर रहे थे। इसी दौरान पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने से दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए। करंट इतना तेज था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25 वर्ष) और आशीष चंद्राकर (19 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। दोनों युवक दुर्ग के निवासी हैं
सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों में कहीं लापरवाही तो नहीं बरती गई थी।
सोलर ऊर्जा के बढ़ते उपयोग के बीच यह हादसा कार्यस्थलों पर सुरक्षा उपायों की अनदेखी के गंभीर परिणामों की ओर इशारा करता है। स्थानीय लोगों ने भी ऐसे कार्यों के दौरान बिजली लाइनों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
