छत्तीसगढ़

सावधान! ‘ई-चालान’ की फर्जी APK फाइल ने लगाया 2.63 लाख का चूना, फाइनेंस कर्मी शिकार

राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां आरटीओ (RTO) के ई-चालान के नाम पर भेजी गई एक APK फाइल ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा दिया। ठगों ने फर्जी ई-चालान भेजकर युवक को अपने जाल में फंसाया और उसके बैंक खाते से 2 लाख 63 हजार 673 रुपये पार कर दिए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रेम नगर मोवा निवासी आशीष वर्मा (35 वर्ष) हिंदूजा फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं। 6 जून को दोपहर करीब 12:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से आरटीओ के ई-चालान संबंधी मैसेज प्राप्त हुआ। मैसेज में चालान की जानकारी APK फाइल के रूप में भेजी गई थी।

आशीष ने इसे वास्तविक ई-चालान समझकर फाइल को डाउनलोड और ओपन कर लिया। आरोप है कि APK फाइल खुलते ही साइबर ठगों ने मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया और कुछ ही समय में उनके एक्सिस बैंक खाते से 2.63 लाख रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर कर ली।

घटना की जानकारी बाद में मिलने पर पीड़ित ने आजाद चौक थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही साइबर सेल की मदद से ट्रांजैक्शन और आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

साइबर विशेषज्ञों ने लोगों को चेतावनी दी है कि किसी भी अज्ञात नंबर से आई APK फाइल, लिंक या ऐप को डाउनलोड न करें। सरकारी विभाग आमतौर पर APK फाइल के माध्यम से नोटिस या चालान नहीं भेजते हैं। ऐसी फाइलें मोबाइल का नियंत्रण हासिल कर बैंकिंग और निजी जानकारी चुराने के लिए इस्तेमाल की जाती हैं।

पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लिंक या फाइल को खोलने से बचने की अपील की है।

Source link

Related posts

ख्यमंत्री ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर नई दिल्ली में आयोजित स्मरणोत्सव में वर्चुअली हुए शामिल

छत्तीसगढ़ में बिजली का झटका : 1 जुलाई से बढ़ेंगे बिजली बिल

गुरुघासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के छात्र अर्सलान अंसारी की संदिग्ध हालातों में मौत

Leave a Comment

error: Content is protected !!