छत्तीसगढ़ कांग्रेस रिसर्च डिपार्टमेंट के अध्यक्ष इदरीस गांधी ने कहा है कि मौसम विभाग ने रायपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भारी वर्षा की पूर्व चेतावनी जारी की थी। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्रणाली के माध्यम से सरकारी अलर्ट एसएमएस भी भेजा गया था।
इसके बावजूद रायपुर सहित अन्य जिलों में विद्यालय खुले रहे। भारी बारिश और जलभराव के बीच छोटे-छोटे बच्चे भीगते हुए स्कूल पहुंचे। अभिभावकों और स्कूल वाहनों को भी आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इदरीस गांधी ने कहा कि ऐसे मौसम में बच्चों का स्कूल जाना उनके स्वास्थ्य के लिए भी जोखिमपूर्ण है। यदि एक दिन पहले ही विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया जाता, तो इस स्थिति से बचा जा सकता था।
उन्होंने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार यदि कल या आने वाले दिनों में भी भारी वर्षा की संभावना बनी रहती है, तो छत्तीसगढ़ शासन और कलेक्टरों को समय रहते आवश्यक तैयारी करते हुए विद्यालयों में अवकाश घोषित करना चाहिए। इससे आज जैसी स्थिति दोबारा नहीं बनेगी और बच्चों को बारिश में भीगकर स्कूल नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही अभिभावकों को भी अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।
