राजनीति

बिहार : नामांकन के 24 घंटे बाद BJP प्रत्याशी ने छोड़ा चुनाव, बांकीपुर में बदला सियासी समीकरण

पटना। बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के घोषित प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ ने नामांकन दाखिल करने के महज एक दिन बाद ही चुनाव लड़ने से इनकार करते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया है। उन्होंने इस फैसले की जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र लिखकर दी और कहा कि वे अब पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में ही काम करते रहेंगे।

शुक्रवार को पटना स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अभिषेक बंटी ने अपने फैसले का ऐलान किया। उन्होंने चुनावी मैदान से हटने के पीछे पारिवारिक कारणों का हवाला दिया। खास बात यह है कि एक दिन पहले ही उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष और एनडीए के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया था। इसके बाद आयोजित रैली में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई नेताओं ने उनके समर्थन में प्रचार भी किया था।

अभिषेक के हटने के बाद भाजपा ने तुरंत नया दांव चलते हुए नीरज सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। अब इस सीट पर मुकाबला जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर, राजद की रेखा गुप्ता और भाजपा के नए प्रत्याशी नीरज सिन्हा के बीच होगा।

गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 13 जुलाई तक नामांकन भरे जा सकते हैं। 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। अभिषेक बंटी के अचानक चुनावी मैदान छोड़ने से बांकीपुर की राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह बदल गई है और अब इस सीट का मुकाबला और भी दिलचस्प माना जा रहा है।

Related posts

ऑक्सीज़ोन पार्क में CCTV लगाने युवा कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान

15 अगस्त के पहले जेल में बंद निर्दोष आदिवासियों को रिहा करे, झूठे मुकदमे वापस ले सरकार

सोमवार को होगी छत्तीसगढ़ कांग्रेस विधायक दल की बैठक

Leave a Comment

error: Content is protected !!