
कोरिया जिले के चरचा कॉलरी स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में मधुमक्खियों के हमले से हड़कंप मच गया। स्कूल की छुट्टी के समय अचानक मधुमक्खियों ने बच्चों पर हमला कर दिया। करीब 35 बच्चे मधुमक्खियों के डंक से घायल हो गए। घटना के बाद बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पहले चरचा अस्पताल ले जाया गया, जहां से बच्चों को जिला अस्पताल बैकुंठपुर रेफर किया गया। फिलहाल 21 बच्चों का इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में लगे मधुमक्खियों के छत्ते पर किसी बच्चे ने पत्थर मार दिया। इसके बाद मधुमक्खियां बेकाबू हो गईं और आसपास मौजूद बच्चों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
अपर कलेक्टर डी.डी. माधवी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि कई बच्चों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि 21 बच्चों का इलाज अभी जारी है। एक बच्ची को ज्यादा डंक लगने के कारण विशेष निगरानी में रखा गया है। प्रशासन ने जिला शिक्षा अधिकारी से मामले पर चर्चा कर भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही है।
जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. आयुष जायसवाल के मुताबिक भर्ती सभी बच्चों की हालत फिलहाल सामान्य है। ज्यादा डंक वाली बच्ची को ऑक्सीजन सपोर्ट दिया जा रहा है। डॉक्टरों को उम्मीद है कि उपचार के बाद बच्चों को जल्द अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
वहीं छात्रा नैतिक यादव और घायल छात्र की मां सुरेखा यादव ने स्कूल प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि स्कूल गेट के सामने मधुमक्खियों का छत्ता पहले से मौजूद था और इसे हटाने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई। परिजनों का दावा है कि इससे पहले भी मधुमक्खियों के हमले की घटना हो चुकी है।
अब सवाल है कि स्कूल परिसर में मौजूद खतरनाक छत्ते को समय रहते क्यों नहीं हटाया गया और बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारों ने क्या कदम उठाए थे?
