रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग जगहों से 1 क्विंटल 27 किलोग्राम गांजे के साथ 5 अंतर्राज्यीय तस्करों और 1 नाबालिग समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जप्त गांजे की कीमत करीब 64 लाख रुपये आंकी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट, थाना गंज और थाना आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है।
पुलिस ने बताया कि कुल जप्त मशरूका की कीमत लगभग 64 लाख रुपये है। दोनों प्रकरणों में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि रायपुर कमिश्नरेट की एएनटीएफ और एसीसीयू टीमों ने अब तक NDPS एक्ट के 85 प्रकरणों में 190 आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 करोड़ 31 लाख रुपये से अधिक का नशीला पदार्थ और वाहन, मोबाइल आदि जप्त किया है।
पहला प्रकरण – थाना गंज, फाफाडीह चौक:
सात अक्टूबर को सूचना मिली कि 3 व्यक्ति ऑटो में गांजा लेकर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे हैं। टीम ने फाफाडीह चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास ऑटो को रोककर तलाशी ली। आरोपियों की पहचान मुकुन्द शर्मा और गोपाल वर्मा (दोनों निवासी जगदलपुर, मूलतः राजस्थान) तथा संतोष साहू (बलौदाबाजार) के रूप में हुई। उनके पास रखे ट्रॉली बैग से 82.51 किलो गांजा बरामद हुआ। उनके पास से 3 मोबाइल भी जप्त किए गए। कीमत लगभग 41,25,500 रुपये। थाना गंज में अपराध क्रमांक 303/26 धारा 20बी NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
दूसरा प्रकरण – थाना आमानाका, टाटीबंध इस्कॉन टेम्पल मोड़:
आठ अक्टूबर को सूचना पर टीम ने टाटीबंध इस्कॉन टेम्पल मोड़ के पास घेराबंदी कर 2 अंतर्राज्यीय तस्करों और विधि के साथ संघर्षरत 1 बालक को पकड़ा। आरोपी कान्हू डकुआ (ओडिशा) और सुमित भट्टाचार्य (पश्चिम बंगाल) के पास से 44.799 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 22,39,950 रुपये है। थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 338/26 धारा 20बी NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
