दुर्ग के इंदिरा मार्केट में ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली घड़ियां बेचने का मामला सामने आया है। दुर्ग कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सत कबीर वाच दुकान के संचालक कमलेश निर्मलकर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, टाइटन और फास्ट्रैक कंपनी की ओर से अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत और मुखबिर की सूचना पर दुकान में दबिश दी गई। जांच के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में नकली घड़ियां और कंपनी के नाम वाले टैग मिले।
कार्रवाई में टाइटन और फास्ट्रैक की 280 नकली घड़ियां, फास्ट्रैक के 275 नकली टैग और आरोपी का मोबाइल जब्त किया गया है। आरोप है कि आरोपी ब्रांडेड कंपनियों के नाम और ट्रेडमार्क का दुरुपयोग कर नकली घड़ियों को असली बताकर बेच रहा था।
मामले में दुर्ग कोतवाली पुलिस ने कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 और बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ब्रांडेड सामान खरीदते समय उसकी प्रामाणिकता जरूर जांचें और नकली सामान की बिक्री की जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल सूचना दें।
