
राजधानी रायपुर में महापौर मीनल चौबे के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने जलभराव और सड़क निर्माण को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया, जिसमें महापौर के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।
वीडियो सामने आने के बाद भाजपा पार्षद दल ने इसका कड़ा विरोध जताया और सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पार्षद दल ने पुलिस से वीडियो प्रसारित करने वाले युवक की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है
भाजपा MIC सदस्य दीपक जायसवाल ने कहा कि रायपुर की प्रथम नागरिक के खिलाफ इस तरह की अभद्र टिप्पणी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल पर कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं पुलिस से मामले की जांच कर वीडियो प्रसारित करने वाले युवक की पहचान और उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की गई है। अब पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है और यह स्पष्ट किया जाएगा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो किसने और किस उद्देश्य से प्रसारित किया।
