बिजनेस

nstagram का बड़ा अपडेट : अब 90 मिनट तक के लंबे वीडियो होंगे अपलोड

Instagram अपने प्लेटफॉर्म पर लंबे वीडियो के लिए नया फीचर Features टेस्ट कर रहा है. इसकी मदद से चुनिंदा क्रिएटर्स 90 मिनट तक के हॉरिजॉन्टल वीडियो अपलोड कर सकेंगे. कंपनी का मकसद पॉडकास्ट, कॉमेडी और दूसरे लंबे वीडियो देखने वालों को Instagram पर ही पूरा कंटेंट उपलब्ध कराना है. अभी यह टेस्ट अमेरिका के कुछ क्रिएटर्स के साथ चल रहा है. इससे पहले ब्राजील में भी इसका ट्रायल किया गया था.

कैसे काम करेगा नया फीचर?

Instagram के नए Features फॉर्मेट की जानकारी कंपनी की प्रोडक्ट वाइस प्रेसिडेंट टेसा लायंस और प्रमुख एडम मोसेरी ने एक वीडियो के जरिए दी. इस फीचर के तहत क्रिएटर्स अपनी लंबी वीडियो के छोटे क्लिप Reels पर शेयर कर सकेंगे. इससे यूजर्स को पूरी वीडियो देखने का मौका मिलेगा और उन्हें Instagram छोड़कर किसी दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने की जरूरत नहीं होगी. जैसे अगर कोई यूजर Reels पर किसी पॉडकास्ट का छोटा क्लिप देखता है, तो वह उसी प्लेटफॉर्म पर उसका पूरा एपिसोड भी देख सकेगा. Instagram इन लंबे वीडियो को Explore सेक्शन और ऐप के दूसरे हिस्सों में भी दिखाएगा.इस शुरुआती टेस्ट में पॉडकास्ट होस्ट और Skims की को-फाउंडर एम्मा ग्रीड, ब्यूटी और फैशन क्रिएटर मोनेट मैकमाइकल, इंटरव्यूअर प्रेस्टन राकोवस्की और फुटबॉल कंटेंट क्रिएटर डोनाल्ड डी ला हे जैसे नाम शामिल हैं. कंपनी की योजना आगे चलकर इस टेस्ट को हजारों क्रिएटर्स तक पहुंचाने की है.

YouTube को मिलेगी सीधी टक्कर?

Instagram का यह कदम YouTube के लंबे वीडियो वाले फॉर्मेट को चुनौती देने की कोशिश माना जा रहा है. YouTube पर पहले से ही पॉडकास्ट, इंटरव्यू, कॉमेडी शो और लंबे वीडियो काफी लोकप्रिय हैं. वहां विज्ञापन से होने वाली कमाई का 55 प्रतिशत हिस्सा पात्र क्रिएटर्स को मिलता है. Instagram इससे पहले IGTV के जरिए लंबे वीडियो पेश करने की कोशिश कर चुका है, लेकिन बाद में कंपनी ने इस फीचर को बंद कर Reels पर ज्यादा ध्यान देना शुरू कर दिया था. अब Features के जरिए कंपनी एक बार फिर लंबे वीडियो के क्षेत्र में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही है.

टीवी पर भी देख सकेंगे Instagram के वीडियो

Instagram लंबे वीडियो को सिर्फ मोबाइल तक सीमित नहीं रखना चाहता. कंपनी टीवी पर भी वीडियो देखने का अनुभव बेहतर बनाने की तैयारी कर रही है. अमेरिका में Instagram का टीवी ऐप Samsung TV, Amazon Fire TV और Google TV पर उपलब्ध है. कंपनी Apple TV के लिए भी सपोर्ट लाने की तैयारी कर रही है.

Instagram टीवी पर वीडियो देखने के अनुभव को ज्यादा इंटरैक्टिव बनाने के लिए भी प्रयोग कर रहा है. इसमें मोबाइल फोन को रिमोट की तरह इस्तेमाल करने, दोस्तों के देखे जा रहे वीडियो जानने और मोबाइल पर वीडियो सेव करके बाद में टीवी पर देखने जैसे विकल्प शामिल हो सकते हैं.

क्रिएटर्स की कमाई को लेकर क्या है योजना?

Instagram इस टेस्ट में शामिल क्रिएटर्स के लिए ब्रांड के साथ साझेदारी के अवसरों पर भी काम कर रहा है. क्रिएटर्स अपनी वीडियो में स्पॉन्सर्ड कंटेंट शामिल कर सकेंगे. हालांकि, कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि Features के जरिए वीडियो बनाने वालों को विज्ञापन से कमाई कैसे होगी.

इसके अलावा Instagram Series नाम के फीचर की भी टेस्टिंग कर रहा है. इसमें एक ही विषय से जुड़ी Reels को अलग-अलग एपिसोड में व्यवस्थित किया जा सकेगा. कंपनी Instagram Live में भी बदलाव कर रही है, ताकि क्रिएटर्स की लाइव स्ट्रीम उन लोगों तक पहुंच सके, जो उन्हें फॉलो नहीं करते. यह टेस्ट अभी इंडोनेशिया और ब्राजील में चल रहा है. इसे अगले साल अमेरिका में भी शुरू करने की योजना है.

Source Link

Related posts

Aadhaar App 2026: आधार सेवा केंद्र जाने की जरूरत कम, मोबाइल से होंगे कई जरूरी काम

“AI और रियल-टाइम एक्सपीरियंस ने बदली डिजिटल आदतें, 2025 में फ्लैश मेमोरी बनी ज़रूरत”

लेक्सर ने भारत में स्टाइलिश और उच्च प्रदर्शन वाला JumpDrive® M400 USB 3.0 फ्लैश ड्राइव लॉन्च किया

Leave a Comment

error: Content is protected !!