देश

गेटवे ऑफ इंडिया के पास बड़ा हादसा, नाव पलटी, 2 की मौत

महाराष्ट्र में मुंबई तट (गेटवे ऑफ इंडिया) के नजदीक बुधवार को एक नौका के पलट जाने से उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि 75 अन्य लोगों को बचा लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि अभी भी कई लोग लापता हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय नीलकमल नामक इस नौका पर 80 यात्री और चालक दल के पांच सदस्य सवार थे। उन्होंने बताया कि नौका मुंबई के नजदीक स्थित लोकप्रिय पर्यटन स्थल ‘एलीफेंटा’ द्वीप जा रही थी तभी शाम करीब चार बजे एक स्पीड बोट उससे टकरा गई। घटना का कथित वीडियो प्रसारित हुआ है।

एक स्थानीय नेता ने दावा किया कि स्पीड बोट नौसेना की थी, लेकिन नौसेना की ओर से इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई।

रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि नौसेना और तटरक्षक बल ने घटनास्थल पर बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया है। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान में नौसेना की 11 नाव, समुद्री पुलिस की तीन नाव और तटरक्षक बल की एक नाव इस्तेमाल की जा रही हैं।

अधिकारी ने बताया कि खोज एवं बचाव अभियान के लिए चार हेलीकॉप्टर की भी मदद ली जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस, जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण के कर्मचारी और क्षेत्र के मछुआरे भी राहत ‍एवं बचाव कार्य में शामिल हैं।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में राज्य विधानसभा को सूचित किया कि हादसे के बाद से लापता सात से आठ यात्रियों की तलाश की जारी है।

उन्होंने बताया कि स्पीड बोट ने नियंत्रण खो दिया और नौका से टकरा गई, बताया जा रहा है कि उक्त स्पीड बोट नौसेना या तटरक्षक बल का है।

Source Link

Related posts

प्रयागराज स्टेशन पर ट्रेन संचालन बाधित नहीं, रेलवे का स्पष्टीकरण

ज्ञानेश्वरी यादव ने रचा इतिहास, Commonwealth Games 2026 में जीता सिल्वर मेडल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गाजा में सीजफायर को लेकर ट्रंप के प्लान पर लगाई मुहर

Leave a Comment

error: Content is protected !!