
बिलासपुर के मंगला धुरीपारा में प्रेम विवाह को लेकर चल रही पारिवारिक रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। पत्नी के भाई ने अपने ही जीजा समीर खान पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी और सास भी घायल हो गईं। तीनों को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी ओमप्रकाश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला धुरीपारा का है। बताया जा रहा है कि समीर खान ने करीब डेढ़ साल पहले कमलेश्वरी कश्यप उर्फ सनाया से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच तनाव चल रहा था। गुरुवार रात करीब 9 से 9:30 बजे समीर अपनी पत्नी के साथ मजार से लौट रहा था। इसी दौरान विवाद हुआ और आरोप है कि ओमप्रकाश कश्यप ने चाकू निकालकर अपने जीजा के सीने और पीठ पर कई वार कर दिए। हमले में समीर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी पत्नी सनाया को भी चोटें आईं।
चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन वे भी हमले की चपेट में आ गए। समीर की मां घायल हो गईं, जबकि पिता शाहिद खान को भी सामान्य चोट आई है। घायलों को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने साफ किया है कि इस घटना को हिंदू-मुस्लिम विवाद का रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उनका कहना है कि यह दो परिवारों के बीच प्रेम विवाह को लेकर चला आ रहा आपसी विवाद है। मोहल्ले के दोनों समुदायों के लोगों ने घायलों की मदद की।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी पंकज पटेल और सीएसपी सहित पुलिस अधिकारियों ने सिम्स पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ओमप्रकाश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मंगला धुरीपारा में एहतियातन पुलिस बल तैनात है। प्रेम विवाह से शुरू हुई पारिवारिक नाराजगी का खूनी अंजाम अब चाकूबाजी तक पहुंच गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
