रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की प्रोएक्टिव पुलिसिंग से एक बड़ी डकैती की साजिश समय रहते नाकाम हो गई। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे से तीन युवकों को संदिग्ध हालत में गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना बना रहे थे।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने 1 अप्रैल 2026 को कल्याण ज्वेलर्स की रेकी कर सुरक्षा व्यवस्था और आसपास के इलाके की पूरी जानकारी जुटाई थी। वारदात को अंजाम देने के लिए पांच लोगों की टीम बनाई गई थी। गिरफ्तार तीन आरोपियों के अलावा दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जो मोबाइल के जरिए लगातार रेकी की तस्वीरें साझा कर योजना को अंतिम रूप दे रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ डकैती के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई और पूरे नेटवर्क की जांच तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।
