भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने शुक्रवार को ठाकरे परिसर स्थित में आहूत पत्रकार वार्ता में प्रदेश की वीएसके मोबाइल ऐप (डिजिटल उपस्थिति) के तहत प्रदेश के 1,77,126 शिक्षक अब प्रतिदिन ऑनलाइन हाजिरी लगा रहे हैं, जिससे शालाओं में प्रशासनिक अनुशासन और समयबद्धता सुदृढ़ हुई है।
सिंगल पोर्टल व्यवस्था के ज़रिए छुट्टियों और सेवा संबंधी 30,19,439 आवेदनों का पारदर्शी ऑनलाइन निस्तारण किया गया, जिससे कर्मचारियों को दफ्तरों के चक्कर काटने से हमेशा के लिए मुक्ति मिली है। पूरी निष्पक्षता से 1,335 टी-संवर्ग तथा 1,478 ई-संवर्ग के योग्य शिक्षकों को पदोन्नत कर प्राचार्य बनाया गया।
इसके अलावा प्रधान पाठक व अन्य श्रेणियों के लगभग 7,000 पदों पर पारदर्शी तरीके से पदोन्नति दी गई। पुरानी व्यवस्था की कमियों और तकनीकी अड़चनों को दूर करते हुए सरकार ने 2,621 बी-एड धारक सहायक शिक्षकों को ‘विज्ञान प्रयोगशाला’ में सफलतापूर्वक समायोजित कर उनके हितों को सुरक्षित किया। पूर्व में प्रदेश की 453 शालाएँ पूरी तरह शिक्षक-विहीन थीं और 5,936 शालाएँ सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे चल रही थीं। अब पारदर्शी युक्ति-युक्तकरण के तहत 15,165 शिक्षकों एवं प्राचार्यों का न्यायसंगत समायोजन किया गया। इसकी परिणाम यह हुआ है कि आज प्रदेश की सभी 453 शिक्षक-विहीन शालाओं में शिक्षकों की पदस्थापना हो चुकी है और एकल-शिक्षक स्कूलों की समस्या का भी स्थायी समाधान हो गया है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि दिव्यांगजनों को प्रोत्साहन देते हुए उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए 848 विशेष पदों को स्वीकृति दी गई है। इसी तरह शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा युवाओं को रोजगार देने हेतु 5,000 नए शिक्षकों की सीधी भर्ती की अनुमति दी गई है, जिसकी सम्भावित परीक्षा अक्टूबर-नवम्बर 2026 में आयोजित की जाएगी। डॉ. मिश्रा ने कहा कि मुफ्त पाठ्यपुस्तक योजना के तहत हर छात्र तक ज्ञान का प्रकाश पहुँचाया जा रहा है।
सत्र 2024-25 में 144.55 करोड़ रुपए के प्रावधान से 52.00 लाख से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हुए। इसी प्रकार सत्र 2025-26 में 144.59 करोड़ रुपए के बजट से 45.35 लाख से अधिक छात्रों को समय पर नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें प्रदान की जा रही हैं।
डॉ. मिश्रा ने मुफ्त गणवेश योजना के जरिए विद्यार्थियों में समानता और स्वाभिमान का भाव जागृत करते हुए पहली से आठवीं तक के सभी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण नि:शुल्क यूनिफॉर्म दी जा रही है। सत्र 2024-25 में 65 करोड़ रुपए के बजट से 30.84 लाख से अधिक बच्चे लाभान्वित हुए। सत्र 2025-26 में भी 65 करोड़ रुपए का प्रावधान कर 28.63 लाख से अधिक विद्यार्थियों को लाभ पहुँचाया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल एवं प्रदेश मीडिया सह संयोजक राहुल राय उपस्थित रहे।
