दुर्ग

धमधा में 1.11 करोड़ रुपये के गबन का खुलासा, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले के धमधा क्षेत्र में सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक से संबद्ध सेव फाइनेंशियल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में 267 ग्राहकों से प्राप्त 1 करोड़ 11 लाख 93 हजार 173 रुपये की राशि का गबन करने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई को सेव फाइनेंशियल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि अशोक कुमार वर्मा ने थाना धमधा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कंपनी का सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड के साथ अनुबंध है, जिसके तहत महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराया जाता है। ऑडिट के दौरान धमधा शाखा में पदस्थ शाखा प्रबंधक और कर्मचारियों द्वारा ग्राहकों से प्राप्त ऋण किस्त तथा लोन क्लोजर की राशि कंपनी के खाते में जमा नहीं किए जाने की जानकारी मिली।

शिकायत के अनुसार, कंपनी ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर राशि जमा करने का अवसर दिया, लेकिन न तो राशि जमा की गई और न ही नोटिस का जवाब दिया गया। विस्तृत ऑडिट में सामने आया कि शाखा प्रबंधक और कर्मचारियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत 267 ग्राहकों से प्राप्त कुल 1 करोड़ 11 लाख 93 हजार 173 रुपये का गबन कर धोखाधड़ी की।

मामले की जांच के बाद थाना धमधा में अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 318(4) एवं 61(2) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेमेतरा जिले के साजा निवासी 23 वर्षीय अनिल विश्वकर्मा तथा दुर्ग जिले के पाटन निवासी 31 वर्षीय संदीप कुमार खूंटीहरे के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी वित्तीय संस्था या ऋण संबंधी लेन-देन में केवल अधिकृत माध्यमों का ही उपयोग करें। यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या धोखाधड़ी की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। आर्थिक अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Related posts

ऑनलाइन ट्रेडिंग व IPO के नाम पर BSP सेवानिवृत्त अधिकारी से 28.50 लाख की ठगी

रायपुर एम्स में नौकरी दिलाने का झांसा, 14.50 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर का कहर : हादसे में गई एक मासूम की जान, दूसरा गंभीर

Leave a Comment

error: Content is protected !!