
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा तेलघानी के पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े लघु उद्यमियों एवं तिलहन उत्पादक कृषकों की सामाजिक व आर्थिक स्थिति में सुधार तथा उनके उत्थान के उद्देश्य से वर्ष 2021 में छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड की स्थापना की गई। बोर्ड द्वारा अब राज्यभर में तेलघानी उद्यमियों, कृषकों, स्वसहायता समूहों एवं सहकारी संस्थाओं के पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार साहू (राज्यमंत्री दर्जा) के मार्गदर्शन में यह विशेष पहल ग्रामीण क्षेत्रों के पारंपरिक तेलघानी व्यवसाय को सशक्त बनाने की दिशा में की गई है। इसके अंतर्गत तेलघानी से जुड़े छोटे-बड़े संचालक, तेल एवं तेल से संबंधित उत्पाद (जैसे औषधि आदि) का उत्पादन करने वाले कृषक पंजीयन करा सकते हैं।
पंजीयन हेतु निर्धारित प्रपत्र में व्यवसायी अथवा कृषक को अपना विवरण, आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, जाति प्रमाण पत्र आदि संलग्न कर बोर्ड कार्यालय में जमा करना होगा। आवेदन छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड कार्यालय, कक्ष क्रमांक 23-24, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के सामने, शास्त्री चौक, रायपुर (छ.ग.) में स्वयं उपस्थित होकर अथवा पंजीकृत/सामान्य डाक के माध्यम से जमा किया जा सकता है। पंजीयन प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क रखी गई है।
बोर्ड द्वारा पंजीकृत कृषकों एवं उद्यमियों को कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। साथ ही केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं के माध्यम से उन्नत तेलघानी मशीनों अथवा तेलघानी इकाइयों की स्थापना हेतु आर्थिक सहायता एवं बैंक ऋण सुविधा दिलाने में समन्वय व सहयोग किया जाएगा।
तेलघानी विकास बोर्ड ग्रामीण परंपरा को आधुनिक संसाधनों से जोड़कर इस व्यवसाय से जुड़े लोगों की सामाजिक व आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने हेतु सतत कार्य कर रहा है। इच्छुक नागरिक पंजीयन संबंधी अधिक जानकारी के लिए बोर्ड कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं अथवा सचिव, तेलघानी विकास बोर्ड के संपर्क नंबर 7987878157 पर संपर्क कर सकते है।
