जशपुर जिले में गौवंश वध के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कांसाबेल थाना क्षेत्र के ग्राम सागीभावना में पुलिस ने दबिश देकर करीब 50 किलोग्राम गौमांस, लोहे का गड़ासा और गौवंश के अवशेष बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
मौके पर पुलिस ने जकरियस तिग्गा को पकड़ा। पूछताछ के दौरान सामने आए अन्य आरोपियों की तलाश करते हुए पुलिस ने 18 अक्टूबर को चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जकरियस तिग्गा, मसीह दास उर्फ ईशु दास, धीरज तिग्गा, पीटर उर्फ शांति पीटर मिंज और उदय कुमार मिंज के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम सागीभावना के निवासी बताए गए हैं।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने बरामद मांस और अवशेषों का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया। मामले में कांसाबेल थाने में अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5 एवं 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
डीआईजी एवं जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में गौवंश से संबंधित अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
