महाकुंभ 2025 के दौरान प्रयागराज क्षेत्र में ट्रेनों की आवाजाही सुचारु रूप से जारी है। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रयागराज जंक्शन सहित सभी 8 स्टेशन—प्रयागराज छिवकी, नैनी, सुबेदारगंज, प्रयाग, फाफामऊ, प्रयागराज रामबाग और झूसी—पूरी क्षमता से संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रयागराज संगम स्टेशन का अस्थायी बंद होना प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है, जो हर अमृत स्नान के दौरान पहले भी लागू किया जाता रहा है।
रेलवे ने बताया कि रविवार को 330 ट्रेनें चलाई गईं, जबकि सोमवार दोपहर 3 बजे तक 201 ट्रेनें चलाकर 9 लाख से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजा गया है। मेला स्पेशल ट्रेनें हर 4 मिनट में एक ट्रेन के हिसाब से संचालित की जा रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं को स्नान के बाद ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ रहा है।
12 फरवरी को होने वाले माघी पूर्णिमा के अमृत स्नान को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड अध्यक्ष सतीश कुमार ने रेलवे की तैयारियों की समीक्षा की। रेलवे ने बताया कि एक ट्रेन के एक फेरे में औसतन 3,780 यात्री यात्रा कर रहे हैं, जिससे साफ है कि श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बनी हुई है।
रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने जनता और मीडिया से अपील की कि वे भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें और प्रयागराज में सुचारु रेल संचालन को लेकर रेलवे की अथक मेहनत को पहचानें। उन्होंने कहा कि रेलवे श्रद्धालुओं की सेवा के लिए पूरी क्षमता के साथ जुटा हुआ है, ताकि उनकी यात्रा सहज और सुरक्षित बनी रहे।
