छत्तीसगढ़

गरियाबंद में बुजुर्ग दंपती ने की आत्महत्या, जंगल में पेड़ों से लटके मिले शव

गरियाबंद जिले के पायलीखंड थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग दंपती के आत्महत्या का मामला सामने आया है। दोनों के शव घर से कुछ दूरी पर जंगल में अलग-अलग पेड़ों से लटके हुए मिले। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान पायलीखंड गांव निवासी जयराम नागेश (65) और उनकी पत्नी वेदमती (45) के रूप में हुई है। मंगलवार शाम दोनों के शव घर से लगभग 200 मीटर दूर जंगल में 20 से 30 मीटर की दूरी पर अलग-अलग पेड़ों से लटके हुए पाए गए।

आए दिन होता था विवाद

थाना प्रभारी यदुराज ठाकुर के अनुसार, दंपत्ति के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार दोपहर को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। मृतक दंपत्ति के दो विवाहित बेटे हैं, जिन्होंने पुलिस को बताया कि माता-पिता के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।

झगड़े के बाद घर से निकले थे

शुरूआती जांच में सामने आया है कि रविवार (15 जून) विवाद के बाद पति जयराम नागे श घर से निकल गए। करीब एक घंटे तक वापस नहीं लौटने पर उनकी पत्नी वेदमती भी उन्हें तलाशते हुए जंगल की ओर चली गईं। इसके बाद दोनों घर नहीं लौटे।

पुलिस का अनुमान है कि पति द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के बाद पत्नी ने भी अपनी साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी होगी। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

दो दिन बाद चला पता

परिजनों के अनुसार, दंपत्ति का नाराज होकर घर छोड़कर चले जाना पहले भी होता रहा था, इसलिए शुरुआत में उनकी गैरमौजूदगी को गंभीरता से नहीं लिया गया। लेकिन 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी जब दोनों वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की गई। अनहोनी की आशंका होने पर जंगल में खोजबीन की गई, जहां दोनों के शव बरामद हुए।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर घटना की पड़ताल कर रही है।

Source link

Related posts

नव वर्ष के अवसर पाटन नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने किया पूजा अर्चना

राजधानी रायपुर में रईस अनीस साबरी सूफ़ी नाईट तहरीक़ -ए- ताज़ीम 2026

जम्मू-कश्मीर के केल्लाम में आतंकी हमला, छत्तीसगढ़ के युवक की मौत, सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी

Leave a Comment

error: Content is protected !!