रायपुर के आरंग में 8 साल के बच्चे के अपहरण और 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और बच्चे की तलाश के लिए अभियान शुरू किया।
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की, जिसके दबाव में आरोपी बच्चे को ग्राम समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम दतरेंगी से दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अपहरण की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्चे की सुरक्षित वापसी हुई। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
