छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में अब चौथा मॉडल जुड़ने जा रहा है। सामान्य सरकारी स्कूलों के अलावा पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के इग्नाइट इंग्लिश स्कूल, कांग्रेस सरकार के स्वामी आत्मानंद स्कूल और अब मौजूदा भाजपा सरकार के स्वामी विवेकानंद स्कूल इस व्यवस्था का हिस्सा बनेंगे।
अगले शैक्षणिक सत्र 2027-28 से प्रदेश में 150 स्वामी विवेकानंद स्कूल शुरू करने की तैयारी है। इन स्कूलों में पहली से 12वीं तक पूरी पढ़ाई केवल अंग्रेजी माध्यम में होगी। विवेकानंद स्कूलों में हिंदी माध्यम की कक्षाएं नहीं लगेंगी। सरकार ने इस योजना के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट रखा है।
चार मॉडल की व्यवस्था
सामान्य सरकारी स्कूल: पारंपरिक हिंदी माध्यम वाले स्कूल।
इग्नाइट स्कूल: करीब 10-12 साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में शुरू किए गए 207 इग्नाइट इंग्लिश स्कूल (103 प्राथमिक और 104 पूर्व माध्यमिक)। इनमें पढ़ाई केवल 8वीं तक होती है।
स्वामी आत्मानंद स्कूल: कांग्रेस सरकार के समय शुरू हुए। वर्तमान में इनकी संख्या 751 है (403 अंग्रेजी और 348 हिंदी माध्यम)। कई स्कूलों में दोनों माध्यम की कक्षाएं अलग-अलग पालियों में चलती हैं।
स्वामी विवेकानंद स्कूल: पहली से 12वीं तक पूरी पढ़ाई सिर्फ अंग्रेजी माध्यम में। आत्मानंद स्कूलों की तरह यहां हिंदी माध्यम की अलग कक्षाएं नहीं होंगी। सभी कक्षाएं एक ही परिसर में संचालित होंगी।
नियम और पहचान
स्कूल शिक्षा विभाग इन स्कूलों के संचालन के लिए नियम बना रहा है। प्रवेश प्रक्रिया, सीटों की संख्या, शिक्षकों की नियुक्ति या पदस्थापना और विद्यार्थियों की ड्रेस को लेकर नियम तैयार किए जा रहे हैं। आत्मानंद और सामान्य सरकारी स्कूलों से अलग, विवेकानंद स्कूलों की अपनी विशिष्ट पहचान और सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
योजना में देरी
राज्य सरकार ने फरवरी 2026 में पेश बजट में विवेकानंद स्कूल योजना की घोषणा की थी। पहले इन्हें सत्र 2026-27 से शुरू किया जाना था, लेकिन तैयारियां पूरी नहीं होने के कारण योजना एक साल आगे बढ़ गई। अब नए भवन बनाने के बजाय मौजूदा हिंदी माध्यम के सरकारी स्कूलों को ही विकसित किया जाएगा। योजना के तहत पहली से 12वीं तक की कक्षाएं एक ही परिसर में संचालित होंगी। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी माध्यम शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है। पहले चरण में हर ब्लॉक से एक स्कूल का चयन कर योजना लागू की जाएगी।
