धमतरी जिले में साइबर थाना और बिरेझर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 146 नग बहुमूल्य पत्थरों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त पत्थरों की कीमत मोबाइल और नकदी सहित कुल 10 लाख 15 हजार 200 रुपये आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इन पत्थरों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान 18 अक्टूबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति बहुमूल्य पत्थर लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान विनोद अग्रवाल, उम्र 64 वर्ष, निवासी भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 146 नग सफेद, चमकदार और पारदर्शी पत्थर बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में इन पत्थरों को वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया है। बरामद पत्थरों का कुल वजन 16.17 ग्राम बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बहुमूल्य पत्थरों के अलावा मोबाइल फोन और 2 हजार 200 रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
