पान मसाला से जुड़े एक विज्ञापन को लेकर बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने स्पष्ट किया है कि किसी सेलिब्रिटी की पहचान या लोकप्रियता कानून से ऊपर नहीं है और मामले में नियमों के मुताबिक ही कार्रवाई की जाएगी।
मामला एक इलायची के विज्ञापन से जुड़ा है, जिसमें तीनों अभिनेता नजर आए थे। महाराष्ट्र FDA का आरोप है कि इस तरह के विज्ञापन के जरिए प्रतिबंधित पान मसाला ब्रांड का अप्रत्यक्ष या सरोगेट प्रचार हो सकता है। इसी आधार पर विभाग ने अगस्त में तीनों अभिनेताओं को शो-कॉज नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।
कंपनी ने भी कोर्ट का दरवाजा खटखटाया
इस विवाद में इलायची बनाने वाली कंपनी पीबी एग्रो एलएलपी ने महाराष्ट्र FDA की कार्रवाई को चुनौती देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। कंपनी ने FDA की ओर से जारी नोटिस को रद्द करने की मांग की थी।
14 सितंबर को दिल्ली हाईकोर्ट ने याचिका खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि विवाद महाराष्ट्र FDA की कार्रवाई से संबंधित है और ऐसे मामले में महाराष्ट्र की अदालतें अधिक उपयुक्त मंच हैं। इसके बाद FDA की कार्रवाई पर दिल्ली हाईकोर्ट की ओर से कोई रोक नहीं लगी।
फिलहाल मामला नियामक कार्रवाई के अगले चरण में है। दो अभिनेताओं के जवाबों की समीक्षा के बाद आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी, जबकि नोटिस का जवाब नहीं देने वाले अभिनेता के खिलाफ FDA ने कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाने की बात कही है।
