केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा 10,783 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन महत्वपूर्ण मल्टी-ट्रैकिंग रेल परियोजनाओं को मंजूरी दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि कटनी-पेंड्रा रोड चौथी रेल लाइन और बिलासपुर (उसलापुर)-पेंड्रा रोड तीसरी रेल लाइन छत्तीसगढ़ के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।
साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और विस्तार का काम लगातार गति पकड़ रहा है। स्वीकृत परियोजनाओं से करीब 656 किलोमीटर रेल नेटवर्क का विस्तार होगा। इनका लाभ पांच राज्यों के 14 जिलों और लगभग 4,790 गांवों को मिलने की उम्मीद है। इससे करीब 56 लाख लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
साहू ने कहा कि रेल लाइनों की क्षमता बढ़ने से ट्रेनों के परिचालन में आने वाली बाधाएं कम होंगी और यात्री सेवाओं की विश्वसनीयता बढ़ेगी। साथ ही कोयला, सीमेंट, लौह अयस्क और इस्पात जैसी प्रमुख वस्तुओं के परिवहन को भी अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। परियोजनाओं के पूरा होने के बाद सालाना माल परिवहन क्षमता में लगभग 2.7 करोड़ टन की वृद्धि होने का अनुमान है।
इससे औद्योगिक गतिविधियों और व्यापार को भी गति मिलने की उम्मीद है। नई रेल परियोजनाओं से प्रमुख धार्मिक, पर्यटन और ऐतिहासिक स्थलों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। इनमें अमरकंटक, अचानकमार टाइगर रिजर्व, रतनपुर महामाया मंदिर और मल्हार जैसे महत्वपूर्ण स्थल शामिल हैं। बेहतर रेल संपर्क से इन क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
तोखन साहू ने कहा कि परियोजनाओं के माध्यम से लगभग 12 करोड़ लीटर आयातित ईंधन की बचत होने का अनुमान है। इसके साथ ही करीब 62 करोड़ किलोग्राम कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आने की संभावना है।
