छत्तीसगढ़

चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, मेडिकल कॉलेज परिसर का वीडियो वायरल

कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में बाइक चोरी के एक आरोपी युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारियों ने युवक को पुलिस के हवाले करने के बजाय उसे अंडरवियर में खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था निजी कंपनी कामथेन के जिम्मे है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड राजेंद्र पटेल की मोटरसाइकिल अस्पताल परिसर से चोरी हो गई थी।

बताया गया कि रात करीब 11:45 बजे वाहन चालक उत्तम ने दो युवकों को मोटरसाइकिल ले जाते हुए देखा। सूचना मिलने पर सुरक्षा कर्मियों ने उनका पीछा किया। इस दौरान एक युवक भाग निकला, जबकि दूसरे युवक विशाल सागर को कोसाबाड़ी चौक के पास पकड़ लिया गया।

नियमों के अनुसार आरोपी को तुरंत नजदीकी सिविल लाइन थाने ले जाना चाहिए था, जो अस्पताल परिसर से महज कुछ दूरी पर स्थित है। लेकिन आरोप है कि सुरक्षा कर्मी उसे वापस अस्पताल परिसर ले आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारियों और वहां मौजूद बाउंसर्स ने युवक के कपड़े उतरवाकर उसे उसके ही शर्ट से बिजली के खंभे में बांध दिया। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई की गई। वीडियो में युवक को माफी मांगते और छोड़ देने की गुहार लगाते हुए भी देखा-सुना जा सकता है, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी।

घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल चौकी और पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई। अगले दिन बाइक मालिक राजेंद्र पटेल ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने विशाल सागर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कई चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पिटाई के मामले में मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. के.के. सहारे ने कहा कि सुरक्षा एजेंसी को नियमों के तहत काम करना चाहिए। घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एजेंसी को नोटिस जारी किया जाएगा।

वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने कहा कि यदि आरोपी के साथ मारपीट की पुष्टि होती है तो मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Related posts

बिलासपुर में शेयर मार्केट के नाम पर ठगी : रैपिडो चालक ने मकान मालकिन से 2 लाख ऐंठे, रायपुर से गिरफ्तार

जीएसटी विभाग की भर्ती परीक्षा में घोटाले का आरोप, कंवर ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

रायपुर से चला ऑनलाइन सट्टे का बड़ा रैकेट बेनकाब, मास्टरमाइंड बाबू खेमानी सहित 20 गिरफ्तार

Leave a Comment

error: Content is protected !!